home page

कोसी बराज से 89 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, जलस्तर पर विभाग की नजर

 | 
कोसी बराज से 89 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, जलस्तर पर विभाग की नजर


सुपौल, 08 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही बारिश के बीच कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। बुधवार 8 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे कोसी बराज से कुल 89,075 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज दर्ज किया गया।

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कोसी बराज से डाउन स्ट्रीम में 87,575 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं कोसी बराज के पूर्वी कोसी मुख्य नहर में पानी का डिस्चार्ज शून्य रहा, जबकि पश्चिमी कोसी मुख्य नहर में 1,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। विभाग के अनुसार कुल डिस्चार्ज 89,075 क्यूसेक दर्ज किया गया है, यानी पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।

बराह क्षेत्र में बुधवार शाम 4 बजे पानी का डिस्चार्ज 59,375 क्यूसेक दर्ज किया गया। कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा कोसी नदी के जलस्तर, बराज से छोड़े जा रहे पानी और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

विभागीय कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। हालांकि वर्तमान डिस्चार्ज खतरे के निशान से काफी नीचे बताया जा रहा है, लेकिन मानसून के दौरान नेपाल के पहाड़ी इलाकों में बारिश बढ़ने पर कोसी के जलस्तर में तेजी से बदलाव हो सकता है। ऐसे में नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र