कोसी नदी में नहाने के दौरान किशोर लापता
सुपौल, 10 अगस्त (हि.स.)। मरौना अंचल क्षेत्र के घोघररिया घाट स्थित कोसी नदी में सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर सोमवार को स्नान करने और जल भरने के दौरान 15 वर्षीय किशोर डूबकर लापता हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन के साथ स्थानीय लोग भी किशोर की तलाश में जुट गए। लापता किशोर कमरैल पंचायत के शिखरखरिया गांव के वार्ड संख्या छह निवासी छोटे लाल मुखिया के पुत्र सुशील मुखिया है।
बताया गया कि सुशील कुछ साथियों के साथ सावन की दूसरी सोमवारी पर घोघररिया घाट स्थित महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा था। इसी दौरान वह कोसी नदी में चला गया और गहरे पानी में डूबने के बाद उसका कोई पता नहीं चला। घटना की सूचना मिलने के बाद कमरैल नदी थाना के थानाध्यक्ष सुमित कुमार भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों और नाविकों की सहायता से नदी में किशोर की तलाश शुरू कराई। नदी में काफी दूर तक खोजबीन की गई, लेकिन देर तक किशोर का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी डॉ. राजीव रंजन, दिलीप यादव सहित कई स्थानीय लोग भी घाट पर पहुंचे और खोज अभियान में सहयोग किया। सावन की दूसरी सोमवारी होने के कारण घोघररिया घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
मरौना के अंचल अधिकारी अभिजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से किशोर की तलाश कराई जा रही है। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन की टीम लगातार घटनास्थल पर मौजूद है और नदी में तलाश अभियान जारी है। प्रशासन की ओर से नदी में स्नान करने और जल भरने पहुंचे श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। अधिकारियों ने लोगों से गहरे पानी में नहीं जाने तथा बच्चों पर विशेष नजर रखने की भी सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

