home page

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सुपौल में 13 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, 9461 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

 | 
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सुपौल में 13 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, 9461 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग


सुपौल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर सुपौल जिले में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जिले के 13 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में कुल 9461 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में मतदान के लिए बनाए गए 13 केंद्रों पर कुल 9461 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 7261 पुरुष और 2200 महिला मतदाता शामिल हैं।

मतदानकर्मियों को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में प्रशिक्षण दिया गया, ताकि मतदान प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण के बाद मतदानकर्मियों को मतपेटी और आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। जिले के सभी 11 प्रखंड कार्यालय परिसरों एवं अंचल कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन का लक्ष्य मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए मतदानकर्मियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र