home page

कोसी–मिथिला को बड़ी रेल सौगात, अब निर्मली–सरायगढ़ होकर चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस

 | 
कोसी–मिथिला को बड़ी रेल सौगात, अब निर्मली–सरायगढ़ होकर चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस


सुपौल, 12 मई (हि.स.)। कोसी–मिथिला क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस (14664/63) का साप्ताहिक परिचालन अब फारबिसगंज, निर्मली, सरायगढ़ और राघोपुर समेत क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर किया जाएगा। इस निर्णय से इलाके के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुपौल सांसद दिलेश्वर कामेट के प्रयासों के बाद रेलवे ने इस ट्रेन के नए रूट को स्वीकृति दी है। लंबे समय से कोसी–मिथिला क्षेत्र के लोग बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे। अब इस ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को सिल्लीगुड़ी,अमृतसर और गोरखपुर जैसे बड़े शहरों तक सीधा और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।

अमृत भारत एक्सप्रेस आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन है, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। खासकर छात्रों, व्यापारियों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों को इस सेवा का सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

इस उपलब्धि पर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैभव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोसी–मिथिला क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र