home page

कोशी प्रमंडल आयुक्त ने समाहरणालय सुपौल की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

 | 
कोशी प्रमंडल आयुक्त ने समाहरणालय सुपौल की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण


सुपौल, 06 अप्रैल (हि.स.)। कोशी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने सोमवार को समाहरणालय सुपौल पहुंचकर विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और वहां संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने जिला स्थापना शाखा, जिला अभिलेखागार शाखा, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला परिषद सुपौल, जिला विधि शाखा, जिला आपूर्ति शाखा तथा जिला भू-अर्जन शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से किया जाए। आयुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालयों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए कार्यों का निष्पादन किया जाए तथा सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित रखा जाए।

निरीक्षण के पश्चात आयुक्त ने समाहरणालय परिसर में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जन-संवाद में कुल 55 परिवादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं आयुक्त के समक्ष रखीं। आयुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। इस अवसर पर समाहरणालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र