home page

वीरपुर कोसी बराज के डाउन स्ट्रीम में फिर दिखी गंगा डॉल्फिन, पर्यावरण प्रेमियों में खुशी

 | 
वीरपुर कोसी बराज के डाउन स्ट्रीम में फिर दिखी गंगा डॉल्फिन, पर्यावरण प्रेमियों में खुशी


सुपौल, 16 जुलाई (हि.स.)। कोसी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच गुरुवार सुबह वीरपुर स्थित कोसी बराज के डाउन स्ट्रीम में एक बार फिर गंगा डॉल्फिन दिखाई दी।

दुर्लभ जलीय जीव के दर्शन होने से स्थानीय लोगों और प्रकृति प्रेमियों में खुशी का माहौल है। डॉल्फिन के नजर आने की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इससे पहले भी कई बार इस क्षेत्र में गंगा डॉल्फिन देखे जाने की पुष्टि हो चुकी है। वर्ष 2024 में वन्यजीव अभ्यारण्य पटना और दिल्ली की संयुक्त टीम ने तीन दिवसीय कोसी प्रवास के दौरान पक्षियों की गणना के साथ-साथ कोसी नदी में गंगा डॉल्फिन की मौजूदगी की पुष्टि की थी।

अध्ययन के बाद टीम ने कोसी बराज से कोसी महासेतु तक के नदी क्षेत्र को डॉल्फिन के लिए उपयुक्त एवं सुरक्षित आवास बताया था। विशेषज्ञों ने भविष्य में यहां डॉल्फिन की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई थी।

बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग, वीरपुर के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने बताया कि उन्होंने स्वयं पांच से छह बार गंगा डॉल्फिन को देखा है। उनके अनुसार इसका आकार बड़ा होने के कारण इसकी पहचान गंगा डॉल्फिन के रूप में की गई है।

उन्होंने बताया कि यह प्रायः कोसी बराज के 26, 27 और 36 नंबर फाटक के आसपास दिखाई देती है। हालांकि अभी इसकी कुल संख्या के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

मुख्य अभियंता ने कहा कि फिलहाल विभाग की ओर से डॉल्फिन संरक्षण के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई है। इसके बावजूद कोसी नदी में गंगा डॉल्फिन की लगातार मौजूदगी पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने भी इस दुर्लभ जलीय जीव के संरक्षण और इसके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र