ट्रेन यात्रा के दौरान किशनगंज का युवक लापता, रेल थाना में गुमशुदगी दर्ज
किशनगंज, 13 जून (हि.स.)। पंजाब से अपने घर लौट रहा किशनगंज का एक युवक ट्रेन यात्रा के दौरान रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। मामले को लेकर किशनगंज रेल थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद रेल पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान खगड़ा निवासी कमल कुमार पासवान के रूप में हुई है। युवक के परिजनों द्वारा 11 जून को किशनगंज रेल थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया।
इस संबंध में रेल थाना कांड संख्या 33/26 के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार कमल कुमार पासवान 13 मई की रात करीब दो बजे पंजाब के भटिंडा जंक्शन से अवध आसाम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15910) के जनरल कोच में सवार होकर अपने कुछ साथियों के साथ किशनगंज के लिए रवाना हुआ था।
यात्रा के दौरान वह अपने साथियों के साथ ही था, लेकिन जब ट्रेन किशनगंज स्टेशन पहुंची तो वह ट्रेन से नहीं उतरा। काफी देर तक इंतजार करने और ट्रेन के विभिन्न डिब्बों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। युवक के साथ यात्रा कर रहे लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी।
इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर भी रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। अंततः मामले की सूचना किशनगंज रेल थाना को दी गई, जिसके बाद गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेन के यात्रा मार्ग, विभिन्न स्टेशनों और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर युवक की तलाश कर रही है। साथ ही अन्य रेलवे इकाइयों से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
शनिवार को रेल थानाध्यक्ष रामबच्चन सिंह ने बताया कि युवक की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले का अनुसंधान जारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कमल कुमार पासवान के संबंध में कोई सूचना मिले तो तत्काल किशनगंज रेल थाना को सूचित करें, ताकि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

