home page

अपराधियों पर किशनगंज पुलिस का शिकंजा, 86 गिरफ्तार, भारी मात्रा में स्मैक और शराब बरामद

 | 
अपराधियों पर किशनगंज पुलिस का शिकंजा, 86 गिरफ्तार, भारी मात्रा में स्मैक और शराब बरामद


किशनगंज, 24 नवंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 17 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 86 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 732.59 ग्राम स्मैक, शराब, चोरी की मोटरसाइकिल सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए। मंगलवार को पुलिस की ओर से जारी साप्ताहिक उपलब्धि रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 9.375 लीटर विदेशी शराब और 89.70 लीटर देसी शराब जब्त की गई। इसके अलावा 4750 किलोग्राम यूरिया खाद, 120 बोरा नकली खाद, 20 बोरा नमक तथा 2200 पीस लॉटरी टिकट बरामद किए गए। पुलिस ने आठ मोटरसाइकिल, चार मोबाइल, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो एलईडी टीवी, दो इन्वर्टर, एक कार, एक ट्रैक्टर और एक जुगाड़ गाड़ी भी जब्त की। गृहभेदन के मामलों में पुलिस ने 25.34 ग्राम सोने के आभूषण और एक किलो 841 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके अतिरिक्त 22 ग्राम गला हुआ सोना, 3.34 ग्राम सोने के आभूषण के टुकड़े, 78 ग्राम गली हुई चांदी तथा विभिन्न प्रकार के चांदी जैसे आभूषण भी बरामद किए गए। पशु तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई में 11 मवेशी जब्त किए गए।वहीं, वाहन जांच एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 लाख 93 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब, मादक पदार्थ, बालू तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।

पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह