home page

अपराधियों पर किशनगंज पुलिस का शिकंजा, सात दिनों में 64 गिरफ्तार

 | 
अपराधियों पर किशनगंज पुलिस का शिकंजा, सात दिनों में 64 गिरफ्तार


किशनगंज, 12 अक्टूबर (हि.स.)।जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई कर रही है। पांच से 11 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान जिले में कुल 64 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की साप्ताहिक उपलब्धि के अनुसार, वाहन जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2 लाख 67 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इस दौरान 305.895 लीटर विदेशी शराब और 26.700 लीटर देशी शराब जब्त की गई, जबकि 80 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया।

अभियान के दौरान तीन मोटरसाइकिल, एक कार, एक टोटो, दो ट्रैक्टर, एक पिकअप और एक जुगाड़ गाड़ी भी जब्त की गई। इसके अलावा 11 मवेशी, दो मोबाइल फोन और 15 मीटर तांबे का तार बरामद किया गया। पुलिस ने सोने के आभूषणों में लॉकेट, अंगूठियां, बेसर और अन्य सामान के साथ चांदी के आभूषण भी जब्त किए। वहीं, अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई में 328 पैकेट (बोरा) यूरिया और 3 लाख 54 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों और अवैध कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चल रहा यह अभियान अपराध नियंत्रण, अवैध कारोबार पर रोक और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह