home page

किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

 | 
किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य


किशनगंज, 18 मार्च (हि. स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर आमजनों के बीच किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 8290 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 जारी किया गया है। अब तक एलपीजी से संबंधित कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका त्वरित निष्पादन कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह