home page

किशनगंज में प्रशिक्षुओं आईऐल का विंटर स्टडी टूर, शिक्षा और कृषि क्षेत्र का किया अध्ययन

 | 
किशनगंज में प्रशिक्षुओं आईऐल का विंटर स्टडी टूर, शिक्षा और कृषि क्षेत्र का किया अध्ययन


किशनगंज, 17 मार्च (हि.स.)। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी के 2025 बैच के 10 भा.प्र.से. (IAS) अधिकारी प्रशिक्षुओं (ग्रुप-15) ने अपने 6 सप्ताह के ‘विंटर स्टडी टूर’ के तहत मंगलवार को किशनगंज जिले के विभिन्न संस्थानों का दौरा किया।

इस दौरान प्रशिक्षुओं ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का अध्ययन किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वाह्न सत्र में प्रशिक्षुओं का दल पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीएसएफ किशनगंज पहुंचा, जहां उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, पाठ्यक्रम और शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया।

इस दौरान अधिकारियों को मानव संसाधन विकास, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका से अवगत कराया गया। वहीं, अपराह्न सत्र में दल ने राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के साथ ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रम में भाग लिया।प्रशिक्षुओं ने पोठिया प्रखंड के तरणी गांव स्थित किसान एकता किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड में चाय एवं अनानास आधारित कृषक उत्पादक संगठनों की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया। इस दौरान उन्हें ‘फार्म-टू-मार्केट’ व्यवस्था, मूल्य संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले तंत्र की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी विशाल राज के दिशा-निर्देश में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को नीति निर्माण और उसके जमीनी क्रियान्वयन के बीच की दूरी को समझाना तथा समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील बनाना है। कार्यक्रम के सफल संचालन में अतिरिक्त नोडल पदाधिकारी आलोक कुमार भारती, अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी प्रीति कुमारी तथा सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह