home page

लोक शिकायतों के निष्पादन में किशनगंज जिला 99.01 प्रतिशत के साथ आगे, 60 दिनों से अधिक का एक भी मामला लंबित नहीं

 | 
लोक शिकायतों के निष्पादन में किशनगंज जिला 99.01 प्रतिशत के साथ आगे, 60 दिनों से अधिक का एक भी मामला लंबित नहीं


किशनगंज, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले में लोक शिकायतों के निष्पादन और सरकारी सेवाओं को निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने के मामले में प्रशासनिक प्रगति सामने आई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला लोक शिकायत निवारण एवं आरटीपीएस के कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में प्राप्त शिकायतों, लंबित मामलों, अपीलों और लोक सेवाओं के अधिकार अधिनियम के तहत आवेदनों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जिले में लोक शिकायत निवारण के तहत कुल 5,756 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5,699 का निष्पादन किया जा चुका है। इस प्रकार निष्पादन दर 99.01 प्रतिशत रही। वर्तमान में केवल 57 मामले लंबित हैं। खास बात यह है कि 60 कार्य दिवस से अधिक अवधि का एक भी मामला लंबित नहीं है। प्रथम अपील के 504 मामलों में से 496 तथा द्वितीय अपील के सभी 91 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।

अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण के तहत प्राप्त 9,683 परिवादों में से 9,581 का निष्पादन हुआ है। यहां निष्पादन दर 98.95 प्रतिशत है तथा 102 मामले लंबित हैं। वहीं, बिहार सरकारी सेवक शिकायत निवारण प्रणाली के तहत प्राप्त 210 शिकायतों में से 208 का निष्पादन किया गया है। इसके तहत निष्पादन दर 99 प्रतिशत रही।

आरटीपीएस की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2022 से 19 नवंबर 2026 तक सामान्य प्रशासन विभाग की सेवाओं के तहत कुल 32,15,452 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 32,08,789 का निष्पादन किया गया। शेष 6,663 आवेदन निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित हैं। समयसीमा के बाद लंबित आवेदनों की संख्या शून्य है। पंचायत स्तर पर अक्टूबर 2026 में प्राप्त 8,367 आवेदनों में से 8,364 का निष्पादन किया गया। इस प्रकार निष्पादन दर 99.96 प्रतिशत रही और मात्र तीन आवेदन लंबित हैं। डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों एवं सरकारी सेवाओं से जुड़े आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक विलंब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसडीएम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह