किशनगंज में ममेरे भाई पर महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, गिरफ्तार
किशनगंज, 23 मई (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा रुपए और गहने ठगने का मामला सामने आया है।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक साहिल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2016 में हुई थी और उसके दो बेटे तथा एक बेटी हैं। शादी के कुछ समय बाद उसका पति रोजगार के सिलसिले में दुबई चला गया था। पति के विदेश जाने के बाद दोनों के बीच बातचीत कम होने लगी। इसी दौरान महिला का ममेरा भाई साहिल उसके संपर्क में आया और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाने लगा।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि साहिल ने मुंबई में काम दिलाने का झांसा देकर उससे करीब एक लाख रुपए नकद और लगभग दो लाख रुपए मूल्य के गहने ले लिए। 27 मई 2025 को आरोपी उसे अपने साथ मुंबई ले गया। वहां उसके बैंक खाते से भी पैसे निकाल लिए गए।
महिला का आरोप है कि मुंबई में आरोपी ने उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा और लगातार दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसका वीडियो भी बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ब्लैकमेल करने लगा। करीब दस महीने तक महिला को अपने कब्जे में रखने के बाद आरोपी उसे वापस किशनगंज ले आया। यहां रूईधासा स्थित एक किराए के कमरे में रखकर उसके साथ फिर दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। इधर, दुबई से लौटने के बाद महिला के पति ने उसकी तलाश शुरू की।
जानकारी मिलने पर आरोपी महिला को उसके मायके छोड़ गया, लेकिन लगातार धमकी और ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता के पति ने पहले पंचायत स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि पंचायत के दौरान साहिल ने महिला और उसके पति के साथ मारपीट भी की। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

