home page

तीसरी आंख के पहरे में किशनगंज शहर, 226 से अधिक स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे

 | 
तीसरी आंख के पहरे में किशनगंज शहर, 226 से अधिक स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे


किशनगंज, 26 नवंबर (हि.स.)। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है। किशनगंज शहर में 226 से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने में भी मदद मिलेगी। शहर के गांधी चौक, बस स्टैंड, सुभाष पल्ली, पश्चिमपाली, कैल्टेक्स चौक, रामपुर चेक पोस्ट और फरिंगगोला चेक पोस्ट सहित कई प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

वहीं, संवेदनशील इलाकों में इंफ्रारेड कैमरों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि कम रोशनी और रात के समय भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेंटर बनाया गया है। यहां से शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे कैमरों की फुटेज पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाती है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर चालान काटने की भी व्यवस्था की गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार समय-समय पर मॉनिटरिंग सेंटर का औचक निरीक्षण करते हैं। इस दौरान वे कैमरों की कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हैं, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी को समय रहते दूर किया जा सके।

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना, अपराध पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक निगरानी व्यवस्था से पुलिस की कार्यक्षमता और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह