छठ की लोक आस्था और संस्कृति के रंगों से सजेगा किशनगंज, 12 नवंबर को भास्कर महोत्सव का भव्य आयोजन
किशनगंज, 07 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व की लोक आस्था, धार्मिक परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किशनगंज में भास्कर महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा।
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर सांस्कृतिक कैलेंडर-2026 के तहत आगामी 12 नवंबर को खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में एक दिवसीय महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा। जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। महोत्सव के दौरान छठ से जुड़ी लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों, पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में लोक आस्था के महापर्व छठ के विभिन्न पहलुओं को सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के जरिए प्रस्तुत करने की तैयारी है। इसके माध्यम से प्रकृति और सूर्योपासना के महत्व के साथ स्वच्छता, अनुशासन, श्रद्धा तथा सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार भास्कर महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले की समृद्ध लोक संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन करना है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
महोत्सव स्थानीय कलाकारों के लिए भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतर मंच साबित होगा। छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान के साथ करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है। इस पर्व में प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, संयम और सामाजिक एकता की अनूठी झलक देखने को मिलती है। जिला प्रशासन की ओर से महोत्सव को आकर्षक, सुव्यवस्थित और सफल बनाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने आयोजन में आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित कर जिले की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

