home page

साइबर ठगी के पीड़ित को मिली राहत, पुलिस ने वापस कराए 40 हजार रुपये

 | 
साइबर ठगी के पीड़ित को मिली राहत, पुलिस ने वापस कराए 40 हजार रुपये


किशनगंज, 16 जून (हि.स.)। साइबर थाना ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को उसकी 40 हजार रुपये की ठगी गई राशि वापस दिलाने में सफलता प्राप्त की। जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने साइबर थाना में ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत प्राप्त होते ही साइबर थाना की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित किया तथा ठगी गई राशि के लेन-देन का पता लगाकर उसे तत्काल होल्ड कराया। साइबर थाना की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद पीड़ित के खाते में कुल 40 हजार रुपये की राशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने किशनगंज पुलिस और साइबर थाना की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आम लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, केवाईसी अपडेट, निवेश योजनाओं, ऑनलाइन लॉटरी और अन्य प्रलोभनों के माध्यम से साइबर अपराधी लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे मामलों में बिना सत्यापन के किसी भी लिंक पर क्लिक करने या व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होता है तो उसे बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को ट्रैक कर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम जनता को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह