home page

बिहार के बक्सर में उन्नत सब्जी बीज व नई तकनीक से किसानों को किया गया जागरूक

 | 
बिहार के बक्सर में उन्नत सब्जी बीज व नई तकनीक से किसानों को किया गया जागरूक


बक्सर, 15 जुलाई (हि.स.)।

खरीफ मौसम में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों की आजीविका और पोषण सुरक्षा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को जिले के दलसागर पंचायत में भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी एवं कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में लगभग 8 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रदर्शन के लिए 50 सीमांत एवं लघु किसानों को भिंडी (काशी चमन), लोबिया (काशी निधि), कोंहड़ा (काशी हरित), लौकी (काशी गंगा) तथा किचन गार्डन के उन्नत बीज पैकेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम में भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आशुतोष राय ने किसानों को उन्नत सब्जी किस्मों की विशेषताओं, उत्पादन तकनीक, पोषण सुरक्षा तथा सब्जी खेती से आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। वहीं वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार ने सब्जी फसलों में कीट नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कृषि विज्ञान केंद्र, लालगंज-बक्सर के प्रमुख डॉ. देवकरन ने संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य एवं मृदा परीक्षण के महत्व पर जोर देते हुए वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच नन्द बिहारी पासवान सहित 60 से अधिक महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra