home page

हरि प्रसाद साह कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद’, विद्यार्थियों ने खेल सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग

 | 
हरि प्रसाद साह कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद’, विद्यार्थियों ने खेल सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग


हरि प्रसाद साह कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद’, विद्यार्थियों ने खेल सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग


सुपौल, 27 अगस्त (हि.स.)। हरि प्रसाद साह कॉलेज, निर्मली में गुरुवार को भारत सरकार के ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए खेलों के महत्व को समझाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से हुई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेलो इंडिया प्रशिक्षक संजय रॉय ने विद्यार्थियों को खेलो इंडिया अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. कृष्णा चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास भी जरूरी है। खेलों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बताते हुए उन्होंने छात्रों से खेलो इंडिया अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन भी सुना। इसके बाद नशामुक्त भारत बनाने तथा खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया। विद्यार्थियों ने कॉलेज में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में कई सुझाव भी दिए।

छात्रों ने विशेष रूप से कॉलेज के खेल मैदान को आधुनिक बनाने तथा शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक की नियुक्ति की मांग रखी। विद्यार्थियों का कहना था कि बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से कॉलेज के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी भी मौजूद रहे। मंच संचालन दीपक कुमार ने किया। अंत में डॉ. शंकर मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि, प्रभारी प्रधानाचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र