home page

पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ खनन निरीक्षक

 | 
पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ खनन निरीक्षक


गोपालगंज, 21 मार्च (हि.स.)। । जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जादोपुर थाना में हिरासत में रखे गए इस अधिकारी ने पुलिस को चकमा देकर थाने से ही फरार होने में सफलता हासिल कर ली, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, खनन विभाग से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए सौरभ अभिषेक को गिरफ्तार कर जादोपुर थाना लाया गया था। पुलिस अभिरक्षा में रखे जाने के बावजूद आरोपी अधिकारी ने मौके का फायदा उठाकर फरार होने की योजना बनाई और उसे अंजाम दे दिया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिसकर्मी तुरंत उसकी तलाश में जुट गए। फरारी की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक फरार खनन निरीक्षक पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है।

इस घटना के बाद जादोपुर थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना प्रभारी अनिल राम पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि सुरक्षा में चूक के कारण ही आरोपी फरार हो सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। थाना में तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किस स्तर पर चूक हुई। वहीं, फरार अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन भी किया गया है।इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आम लोगों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस कब तक फरार खनन निरीक्षक को पकड़ने में सफल होती है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra