home page

खनन निरीक्षक गिरफ्तार, होगी विभागीय कार्रवाई

 | 
खनन निरीक्षक गिरफ्तार, होगी विभागीय कार्रवाई


गोपालगंज, 20 मार्च (हि.स.)। वर्षों से जड़ जमाए बैठे अवैध बालू खनन के काले साम्राज्य पर आखिरकार जिला प्रशासन ने बड़ा प्रहार किया है। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के सख्त निर्देश पर हुई कार्रवाई में खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार में संलिप्त तंत्र की परतें खुलने लगी हैं। मामला गंडक नदी के जगीरी टोला का है, जहां लंबे समय से उजले बालू का अवैध खनन खुलेआम चल रहा था। गुरुवार रात डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच समिति गठित की और निर्देश दिया कि सच्चाई सामने लाई जाए।

शुक्रवार सुबह जब जांच टीम मौके पर पहुंची, तो स्थिति चौंकाने वाली थी। गंडक नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध खनन जारी था। मशीनें चल रही थी और बालू की निकासी निर्बाध रूप से हो रही थी। मौके की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जादोपुर थानाध्यक्ष को बुलाया गया और जांच में संलिप्तता पाए जाने पर वहीं से गिरफ्तारी के आदेश दे दिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी खनन निरीक्षक को हिरासत में ले लिया।

प्रभारी जिला खनन विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया की कि जांच समिति ने सभी आरोपों को सही पाया है। उनके लिखित आवेदन पर जादोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और विधि सम्मत कार्रवाई की गई। उन्होंने दो टूक कहा कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। जिले में गंडक नदी और सारण मुख्य नहर से वर्षों से अवैध बालू की निकासी जारी था।

प्रशासनिक स्तर पर समय-समय पर दावे किए जाते थे, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग रही। स्थिति यह है कि हर साल 12 घाटों की नीलामी के लिए टेंडर जारी होता है, लेकिन एक भी संवेदक सामने नहीं आता। सूत्रों की मानें तो इसके पीछे एक संगठित तंत्र काम कर रहा है, जिसमें सफेदपोश, खाकी वर्दीधारी, बाहुबली और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत की चर्चा आम है। यही कारण था कि वैध खनन प्रक्रिया ठप है, जबकि अवैध कारोबार बेखौफ जारी रहता है।

डीएम पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि जनहित की योजनाओं में बाधा डालने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्यवाही निलंबन,कानूनी या शो-कॉज लगातार जारी रहेगी, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra