home page

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने और नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक के सख्त निर्देश

 | 
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने और नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक के सख्त निर्देश


कटिहार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के कड़े निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में नियमित रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाए। इसमें हेलमेट, सीट बेल्ट और वैध कागजातों की अनिवार्य जांच के साथ-साथ नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) एवं अन्य मार्गों पर पूर्व से चिह्नित सभी 'ब्लैक स्पॉट' पर तकनीकी सुधार, साइनेज, सड़क मार्किंग तथा रंबल स्ट्रिप लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में ओवरलोडिंग वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने, सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने, भारी वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग व 'ट्रक ले-बाय' की व्यवस्था करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने से जुड़े कार्यों की भी प्रगति जांची गई। यातायात को सुगम बनाने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक ट्रॉली की संख्या बढ़ाने, एनएच पर नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने और संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों की सुरक्षा पर भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा मानकों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि हादसों में प्रभावी कमी लाई जा सके। बैठक में नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सहित सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्य व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह