home page

कटिहार रेलवे अस्पताल का हो रहा कायाकल्प, अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित

 | 
कटिहार रेलवे अस्पताल का हो रहा कायाकल्प, अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित


कटिहार, 27 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेलवे अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। अस्पताल में व्यापक रेनोवेशन के साथ ही कई समय से बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को पुनः शुरू किया जा रहा है, जिससे रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ वी दामोदर राज ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में वर्तमान समय में 24 घंटे आपातकालीन सेवा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। साथ ही थेरेपी सेंटर सहित विभिन्न चिकित्सा सेवाएं भी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि लगभग सभी विभागों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है तथा जल्द ही कई नई सुविधाएं भी बहाल कर दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा अस्पताल को आधुनिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक संसाधन एवं फंड उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए उन्होंने महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक का आभार व्यक्त किया।

रेलवे कर्मियों के बीच अपनी सक्रिय कार्यशैली और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सीएमएस डॉ. वी दामोदर राज के नेतृत्व में कटिहार रेलवे अस्पताल लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

अस्पताल में हो रहे बदलावों से आने वाले दिनों में मरीजों को और अधिक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह