पोलियो के खिलाफ महाअभियान शुरू, कटिहार में 6.54 लाख बच्चों को सुरक्षा कवच देने के लिए 2030 टीमें तैनात
कटिहार, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले में रविवार (22 नवंबर) से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सदर अस्पताल परिसर में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान डीएम के साथ उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन और विशेष कार्य पदाधिकारी ने भी बच्चों को अपने हाथों से दवा पिलाई और उनकी उंगलियों पर निशान लगाकर अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं।
अभियान के तहत जिले के लगभग 6 लाख 54 हजार 836 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए पूरे जिले में 2030 टीमें गठित की गई हैं। रविवार को सभी चिन्हित बूथों पर दवा पिलाई गई, जबकि 23 से 25 नवंबर तक स्वास्थ्य कर्मी घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाएंगे। अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट-भट्ठा, बाजार और घुमंतू परिवारों के बच्चों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा वंचित न रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो एक लाइलाज बीमारी है, लेकिन समय पर खुराक पिलाकर इससे पूरी तरह बचाव संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए, क्योंकि एक छोटा सा प्रयास बच्चों को जीवन भर की दिव्यांगता से बचा सकता है। साथ ही उन्होंने सभी बीडीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी सेविकाओं को अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, सदर अस्पताल उपाधीक्षक, डीपीएम, यूनिसेफ व डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

