कटिहार में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें: जिला प्रशासन
कटिहार, 04 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण सोशल मीडिया पर गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत की फैल रही अफवाहों को कटिहार जिला प्रशासन ने सिरे से खारिज किया है। गुरुवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुणाल कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। आम जनता से अपील की गई है कि वे भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
अफवाहों को दूर करने के लिए प्रशासन ने आंकड़े जारी किए हैं। वर्तमान में जिले के तीनों अनुमंडलों (कटिहार, बारसोई और मनिहारी) में कार्यरत सभी 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास कुल 12,147 घरेलू और 1,125 व्यावसायिक LPG सिलेंडर उपलब्ध हैं।
आपूर्ति की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया गया कि 3 जून को 7,567 सिलेंडरों की बुकिंग के मुकाबले 8,014 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है, जो मांग से अधिक है। वहीं, 4 जून को भी 9,300 घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जाएगी। प्रशासन कालाबाजारी और मुनाफाखोरी को लेकर भी सख्त है। पुलिस उप महानिरीक्षक (विशेष शाखा), पटना के निर्देश पर जिले में 16 'धावा दल' (छापामार टीमों) का गठन किया गया है।
इन धावा दलों द्वारा अब तक होटल और अन्य स्थानों पर 858 छापेमारी की जा चुकी है। अवैध भंडारण और कालाबाजारी के आरोप में अब तक 5 प्राथमिकियां (FIR) दर्ज की गई हैं।
शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए गठित कंट्रोल रूम बेहतर काम कर रहा है; अब तक प्राप्त 1178 शिकायतों में से 1175 का समाधान किया जा चुका है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जरूरी संस्थानों को गैस की निर्बाध आपूर्ति होती रहे।
किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर आमजन जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

