कटिहार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं एलपीजी सिलेंडर : डीएसओ
कटिहार, 11 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और विवाद के बीच सोशल मीडिया पर घरेलू गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। सोमवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार कटिहार जिले के तीनों अनुमंडलों में संचालित 54 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 42 हजार से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। रविवार को 5464 बुकिंग के विरुद्ध 6423 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। वहीं व्यावसायिक उपयोग के लिए भी पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों को मांग के अनुरूप सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के स्तर से गैस आपूर्ति की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

