home page

कार से विदेशी शराब जब्त, नालंदा का तस्कर गिरफ्तार

 | 
कार से विदेशी शराब जब्त, नालंदा का तस्कर गिरफ्तार


कटिहार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डीएस कॉलेज ओपी क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए कार सवार एक शराब तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से आरोपी की कार से 97.890 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद कर वाहन को भी जब्त कर लिया है।

कटिहार पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात्रि डीएस कॉलेज ओपी अध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब लोड कर डी एस कॉलेज सड़क की ओर ले जाई जा रही है।

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस बल के साथ डीएस कॉलेज सड़क के निकट सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इस दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस बल को देखते ही कार चालक वाहन को तेजी से भगाने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 97.890 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान गुड्डू कुमार (उम्र 40 वर्ष), पिता कृष्ण मोहन प्रसाद, साकिन खंदकपर, थाना बिहार, जिला नालंदा के रूप में हुई है। पुलिस ने विदेशी शराब व कार को विधिवत जब्त करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है तथा सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह