home page

कटिहार में उर्वरक तस्करी पर कसा शिकंजा: 281 बोरा खाद व 20 बाल्टी DAP लिक्विड के साथ गाड़ियां जब्त

 | 
कटिहार में उर्वरक तस्करी पर कसा शिकंजा: 281 बोरा खाद व 20 बाल्टी DAP लिक्विड के साथ गाड़ियां जब्त


कटिहार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में उर्वरकों के अवैध परिचालन और संभावित कालाबाजारी के खिलाफ कृषि विभाग की टीम ने बुधवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई की। पश्चिम बंगाल सीमा से सटे प्राणपुर प्रखंड में चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान अवैध रूप से खाद की ढुलाई कर रहे चार वाहनों को पकड़ा गया। इन वाहनों से 281 बोरा उर्वरक (डीएपी, यूरिया और पोटाश) तथा 20 बाल्टी डीएपी लिक्विड जब्त की गई है। कृषि विभाग ने चारों वाहनों को जब्त करते हुए इस मामले में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार के निर्देश पर कृषि समन्वयक संजय सिंह के सहयोग से प्राणपुर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई थी। अहले सुबह पकड़े गए वाहनों की तलाशी लेने पर वाहन संख्या WB 59E446 से 160 बोरा डीएपी व 20 बाल्टी डीएपी लिक्विड, BR 39GB 2811 से 70 बोरा डीएपी, BR 11GF7134 से 25 बोरा डीएपी, 9 बोरा यूरिया व 6 बोरा पोटाश तथा BR 39ER 3079 से 8 बोरा डीएपी व 3 बोरा यूरिया बरामद किया गया। बरामद उर्वरक में सर्वाधिक 263 बोरा डीएपी शामिल है।

पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे होने के कारण कटिहार के सीमावर्ती प्रखंडों में उर्वरकों के अनधिकृत परिवहन की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए विभाग ने संवेदनशील बिंदुओं पर उर्वरक निरीक्षकों को तैनात कर रखा है। वाहनों के आवागमन, प्रतिष्ठानों के स्टॉक और बिक्री अभिलेखों की लगातार पड़ताल की जा रही है ताकि जिले में उर्वरक वितरण तंत्र पारदर्शी बना रहे और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।

जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि किसानों के हक की खाद की कालाबाजारी या अवैध भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़ी गई खेप के स्रोत और कागजातों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और पूरे जिले में सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह