home page

पटना में छाया कटिहार का कृषि नवाचार: जूट व मखाना के मूल्य संवर्धित उत्पादों की धूम

 | 
पटना में छाया कटिहार का कृषि नवाचार: जूट व मखाना के मूल्य संवर्धित उत्पादों की धूम


कटिहार, 05 नवंबर (हि.स.) राजधानी पटना स्थित बापू टावर में आयोजित 'स्रोत महोत्सव–2026' में कटिहार जिले के कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के किसानों ने अपनी उद्यमशीलता और कृषि नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन एवं जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार के नेतृत्व में महोत्सव में पहुंचे कटिहार के किसानों ने जिले की पहचान माने जाने वाले जूट और मखाना के मूल्य संवर्धित (वैल्यू एडेड) उत्पादों को प्रदर्शित कर राज्य स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रदर्शनी में कटिहार के एफपीओ द्वारा तैयार जूट और मखाना के प्रसंस्कृत उत्पादों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया था। इसके जरिए पारंपरिक फसलों के विविधीकरण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्यमों के माध्यम से किसानों की आमदनी बढ़ाने की संभावनाओं को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। स्टॉल पर प्रदर्शित उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग ने आगत विशेषज्ञों व आम लोगों को खाशा प्रभावित किया।

कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), कटिहार के तकनीकी सहयोग एवं किसानों की सक्रिय भागीदारी से संपन्न इस पहल की कार्यक्रम में खूब सराहना हुई। स्रोत महोत्सव–2026 की आयोजक सह सचिव डॉ. स्मृति पासवान ने कटिहार के किसानों के नवाचार, उत्पादों की विविधता और लगन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

कृषि विभाग के अनुसार, इस तरह के मंच स्थानीय संसाधनों के समुचित उपयोग और एफपीओ के व्यावसायिक विकास के लिए बेहद कारगर साबित होते हैं। इससे जिले के उत्पादों को न केवल व्यापक बाजार और खरीदार मिलते हैं, बल्कि कटिहार की कृषि पहचान को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां भी मिलती हैं। यह पहल भविष्य में किसानों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी व सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह