home page

लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें समाधान : डीएम

 | 
लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें समाधान : डीएम


कटिहार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। आम नागरिकों से जुड़ी शिकायतों, विभागीय पत्रों और सरकारी फाइलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाहरणालय सभागार में सोमवार को आयोजित जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को यह कड़ा निर्देश दिया।

उन्होंने दो-टूक कहा कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए और अनावश्यक रूप से किसी भी फाइल को लंबित न रखा जाए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विकास योजनाओं को गति देने के लिए कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जिले के सभी सरकारी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का रंग-रोगन एवं साफ-सफाई कार्य दीपावली से पूर्व हर हाल में पूरा करने की समय-सीमा तय की। इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता को हर घर तक निर्बाध शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और संबंधित अधिकारियों को पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, एससी-एसटी महिला छात्रावास तथा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा विद्यालय निर्माण के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने को कहा।

विधि-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव तथा दुर्गापूजा व दीपावली पर्व को देखते हुए जिले के सभी लाइसेंसी शस्त्रों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन शीघ्र पूरा कराने का आदेश दिया। साथ ही मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के सभी लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण तेजी से कराने का निर्देश दिया ताकि किसी भी वृद्धजन की पेंशन न रुके। न्यायालयी मामलों की चर्चा करते हुए उन्होंने सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी और नीलाम पत्रवाद से जुड़े लंबित वादों के त्वरित निष्पादन, एसी-डीसी बिलों के समायोजन तथा सीएम डैशबोर्ड, आरटीपीएस, सीपीग्राम्स, पीएमओ, सहयोग पोर्टल और जनता दरबार के आवेदनों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश दिया।

बैठक में राजस्व, डीआरडीए, पंचायती राज, स्थापना, नजारत, निर्वाचन, विधि, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-अर्जन और सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य शाखाओं के कार्यों की विस्तृत विभागवार समीक्षा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह