वीएचएसएनसी सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और पोषण सुधार पर जोर
सुपौल, 19 जून (हि.स.)। पीएचसी पिपरा अंतर्गत एपीएचसी कटैया में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति वीएचएसएनसी के सदस्यों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया रेखा कुमारी ने की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में समिति सदस्यों को ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया रेखा कुमारी ने कहा कि वीएचएसएनसी का गठन गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने समिति सदस्यों से नियमित रूप से बैठक आयोजित करने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने तथा लिए गए निर्णयों को धरातल पर लागू करने की अपील की।
उन्मुखीकरण सत्र के दौरान गांव स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, नियमित स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सत्रों का पर्यवेक्षण, जीरो डोज वाले बच्चों की पहचान और उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही टीकाकरण से वंचित अथवा इंकार करने वाले परिवारों को जागरूक कर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।कार्यक्रम में अनटाइड फंड के पारदर्शी और प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
वक्ताओं ने बताया कि इस निधि का सही उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजीव रंजन, प्रखंड समन्वयक विकास ठाकुर, समिति सचिव उषा कुमारी, एएनएम, सक्रिय महिला सदस्य सुमित्रा कुमारी, जीविका सदस्य संजय चौधरी तथा आशा कार्यकर्ता किरण देवी ने विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा समिति की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में मुखिया रेखा कुमारी ने कहा कि यदि वीएचएसएनसी पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे तो गांवों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।
समिति सदस्यों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

