करिहो में पंचायत विकास दिवस पर डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सुपौल, 26 जुलाई (हि.स.)। सुपौल प्रखंड के करिहो स्थित पंचायत सरकार भवन में रविवार को आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
ग्रामीणों ने इस अवसर पर अपनी विभिन्न समस्याओं और सुझावों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रत्येक आवेदन का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

