home page

कारगिल विजय दिवस पर ब्रह्मपुर थाना परिसर में पौधरोपण, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

 | 
कारगिल विजय दिवस पर ब्रह्मपुर थाना परिसर में पौधरोपण, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि


बक्सर, 26 जुलाई (हि.स.)।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार के तत्वावधान में ब्रह्मपुर थाना परिसर में आम, अमरूद, महोगनी तथा विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में एक-एक पौधा लगाया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर ब्रह्मपुर थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय संकट से निपटने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपाय है। कारगिल विजय दिवस जैसा प्रेरणादायी अवसर हमें शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा शहीदों की स्मृति का जीवंत प्रतीक बनेगा और आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम तथा पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करेगा। प्रत्येक नागरिक को पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।

पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अमर स्मरण है। उनके सम्मान में पौधरोपण कर हमने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया है। जिस प्रकार हमारे सैनिक सीमाओं की रक्षा कर देश को बाहरी शत्रुओं से सुरक्षित रखते हैं और पुलिसकर्मी आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधे हमें प्रदूषण रूपी दुश्मन से बचाकर जीवन को सुरक्षित रखते हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम पौधे लगाकर उनका संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में ब्रह्मपुर थाना के सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार के कार्यकर्ता आकाश पाराशर, राकेश कश्यप, दिनेश कुमार, अनिल यादव, राहुल कुमार, बाबा बरमेश्वर नाथ मंदिर के पुजारी विमलेश बाबा, थाना के सभी पुलिसकर्मी तथा क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra