home page

धर्मपट्टी काली मंदिर में पांच लाख के आभूषण समेत सामान की चोरी

 | 
धर्मपट्टी काली मंदिर में पांच लाख के आभूषण समेत सामान की चोरी


धर्मपट्टी काली मंदिर में पांच लाख के आभूषण समेत सामान की चोरी


सुपौल, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत वार्ड-1 स्थित धर्मपट्टी काली मंदिर में गुरुवार देर रात चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चोर मंदिर के मुख्य द्वार समेत तीनों गेटों का ताला तोड़कर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद मंदिर के अंदर रखे गोदरेज और ट्रंक का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, बाजा और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पूजा करने पहुंचे स्थानीय लोगों की नजर मंदिर के टूटे तालों पर पड़ी। तीनों गेटों के ताले जमीन पर टूटे हुए थे। अंदर जाने पर गोदरेज और ट्रंक के ताले भी टूटे मिले। गोदरेज क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा था। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।

ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मंदिर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में थाने में लिखित आवेदन देने को कहा है।

ग्रामीण नरेन्द्र कुमार झा, प्रमानंद मिश्र, भवानंद मिश्र, प्रकाश मिश्र, ललित नारायण मिश्र और राजीव ठाकुर समेत अन्य लोगों ने बताया कि धर्मपट्टी काली मंदिर इलाके का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां दीपावली के अवसर पर भव्य मेला भी आयोजित किया जाता है। श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से देवी को अर्पित किए गए सोने-चांदी के आभूषण, बाजा और अन्य सामग्री मंदिर के गोदरेज में सुरक्षित रखी जाती थी।

ग्रामीणों के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। घटना के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। सूचना पर डायल-112 की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र