बक्सर के इटाढ़ी में खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, छापेमारी में पांच विक्रेता जांच के घेरे में
बक्सर, 03 अगस्त (हि.स.)। प्रखंड क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अंचलाधिकारी संतोष कुमार प्रीतम के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार को विभिन्न खाद दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया।
के दौरान इंदौर पंचायत मुख्यालय स्थित तीन खाद दुकानों की जांच की गई। जांच में जय माता दी खाद भंडार और किसान खाद भंडार में अनियमितताएं एवं कालाबाजारी के मामले सामने आए। इसके अलावा पुरुषोत्तमपुर गांव के खाद विक्रेताओं की जांच के दौरान महामाया खाद भंडार में भी खाद की कालाबाजारी की शिकायत सही पाई गई।
अंचलाधिकारी संतोष कुमार प्रीतम ने बताया कि किसानों से लगातार खाद की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान कुल पांच खाद विक्रेता अनियमितता और कालाबाजारी में संलिप्त पाए गए।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

