home page

कैलाशपति मिश्र की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाने का निर्णय ऐतिहासिक : संजय सरावगी

 | 

पटना, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जयंती को आगामी वर्ष से राजकीय समारोह के रूप में मनाए जाने के निर्णय का भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्वागत और प्रशंसा की है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय बिहार के महान संगठनकर्ता और राष्ट्रसेवक स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को सम्मान देने का यह कदम आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष, सेवा और समर्पण से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

संजय सरावगी ने स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित कर दिया। उनका सार्वजनिक जीवन त्याग, अनुशासन, सादगी और वैचारिक प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के विस्तार और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया।

उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में संगठनात्मक कार्यों को नई मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय संबंध और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा उनकी जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा उनके योगदान को सम्मान देने वाला सराहनीय कदम है। इससे समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उनके विचारों और आदर्शों को व्यापक रूप से पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र का जीवन हमेशा राष्ट्रहित, समाजहित और संगठनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त