home page

कबड्डी व खो-खो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता टीमों का हुआ चयन

 | 
कबड्डी व खो-खो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता टीमों का हुआ चयन


कबड्डी व खो-खो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता टीमों का हुआ चयन


सुपौल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के तहत शुक्रवार को कबड्डी एवं खो-खो की विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के बाद संबंधित वर्गों के विजेता एवं उपविजेता टीमों के परिणाम घोषित किए गए। कबड्डी बालक वर्ग के अंडर-14 आयु वर्ग में आरएसएम पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं पीएम श्री कबीर उच्च माध्यमिक विद्यालय प्लस टू, हरदी की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान बेहतर तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इसी तरह कबड्डी बालक वर्ग के अंडर-17 आयु वर्ग में मध्य विद्यालय, बगहा की टीम विजेता बनी, जबकि ओबीसी हाई स्कूल, रामनगर की टीम ने उपविजेता स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों के बीच मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

खो-खो बालिका वर्ग के अंडर-14 आयु वर्ग में सेंट्रल विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मध्य विद्यालय, गढ़पतगंज की टीम रनरअप रही। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय, परसरमा की टीम विजेता बनी और सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया।

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाना है। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का परिचय दिया। विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों में परिणाम घोषित होने के बाद खासा उत्साह देखा गया।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे की खेल प्रतियोगिताओं के लिए अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर भी मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र