home page

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जोश टीम का शुभारंभ

 | 
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जोश टीम का शुभारंभ


अररिया 8 अक्टूबर(हि.स.)। जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जोश (ज्वाइंट स्क्वैड फॉर हेल्थ) टीम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में टीबी बीमारी के प्रति जन-जागरूकता फैलाना, लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव एवं रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी देना तथा टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान जिले की विभिन्न पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया। इनमें पोठिया, पकड़ी, सहनदार हाट, जमुआ, डेरुआ, कुशमौल, ठेंगापुर, परसाहाट, बेंगा, मोहनी, कुसमाहा, पिथौरा, अचरा, बेला तथा सिमरबनी कुल 15 पंचायत टीबी मुक्त हुए।

इस अवसर पर टीबी मुक्त पंचायत के लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले जनप्रतिनिधियों में फारबिसगंज प्रखंड की पोठिया पंचायत के मुखिया शर्वरी बानो, पलासी प्रखंड की पकरी पंचायत की मुखिया संगीता मलिक, पलासी प्रखंड की सहनदर हाट पंचायत के मुखिया राजू कुमार यादव तथा अररिया प्रखंड की जमुआ पंचायत के मुखिया भीमनाथ झा को प्रसस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायत अभियान से जुड़े मुखिया, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स तथा नेहरू युवा केंद्र के युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में सदर अस्पताल के सीडीओ डॉ. आकाश कुमार राय, डीपीसी श्री दामोदर शर्मा, वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर्स के सौगम रमानी तथा ब्लॉक स्तर के एसटीएस एवं एसटीएलएस सहित अन्य संबंधित कर्मियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर