भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को लेकर एसएसबी-एपीएफ की संयुक्त बैठक
किशनगंज, 29 अगस्त (हि.स.)। टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर शनिवार को 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), किशनगंज और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। सीमा चौकी पेकटोला में आयोजित बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय एवं सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता 12वीं वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमांडेंट पवन कुमार ने की। उन्होंने एपीएफ नेपाल के अधिकारियों एवं जवानों का स्वागत करते हुए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल पर प्रसन्नता व्यक्त की। बैठक में सीमा चौकी पेकटोला के प्रभारी उप निरीक्षक ललित यादव सहित एसएसबी के जवान मौजूद रहे।
नेपाल एपीएफ की ओर से डीएसपी विकास भुजेल समेत तीन जवानों ने भाग लिया। बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और एपीएफ द्वारा लगातार संयुक्त पेट्रोलिंग करने तथा सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों एवं अनावश्यक आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण रखने पर चर्चा हुई। सीमा पार आने-जाने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच में विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने पर भी सहमति बनी।
अधिकारियों ने तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दोनों सुरक्षा बलों के बीच सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। बैठक में साइबर अपराध और धोखाधड़ी जैसे उभरते अपराधों से निपटने के लिए संयुक्त रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। खुली सीमा को देखते हुए घुसपैठ और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई तथा निरंतर समन्वय बनाए रखने का निर्णय लिया गया। अंत में द्वितीय कमांडेंट पवन कुमार ने एपीएफ नेपाल के अधिकारियों एवं जवानों के प्रति आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

