home page

जेएलएनएमसीएच में गतिरोध खत्म: 5 पीजी डॉक्टरों के निलंबन और जांच कमेटी के गठन के बाद हड़ताल समाप्त, आज से बहाल हुईं ओपीडी सेवाएं

 | 
जेएलएनएमसीएच में गतिरोध खत्म: 5 पीजी डॉक्टरों के निलंबन और जांच कमेटी के गठन के बाद हड़ताल समाप्त, आज से बहाल हुईं ओपीडी सेवाएं


भागलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज में पिछले कई दिनों से जारी स्वास्थ्य गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया है। सड़क हादसे में होनहार मेडिकल छात्र रूपेश सोनी की मौत के बाद आंदोलन कर रहे जूनियर डॉक्टरों और एमबीबीएस छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के सख्त रुख और ठोस कार्रवाई के बाद अपनी हड़ताल वापस ले ली है। बुधवार सुबह से अस्पताल की बाह्य रोगी विभाग सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर दी गई हैं, जिससे इलाज के लिए भटक रहे हजारों गरीब मरीजों ने बड़ी राहत की सांस ली है। उल्लेखनीय है कि बीते 5 नवंबर की देर रात कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह के दौरान तिलकामांझी चौक के पास एक तेज रफ्तार कार ने एमबीबीएस 2023 बैच के छात्र रूपेश सोनी की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रूपेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। आक्रोशित छात्रों का आरोप था कि घटना के समय कार में पीजी डॉक्टर सवार थे और वे कथित तौर पर नशे की हालत में लापरवाही से वाहन चला रहे थे। साथी छात्र की मौत से उद्वेलित छात्रों और जूनियर डॉक्टरों ने वी वांट जस्टिस के नारों के साथ अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था। मंगलवार को आंदोलन और उग्र हो गया, जिसके कारण ओपीडी सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं और दूर-दराज से आए करीब एक हजार से अधिक मरीजों को बिना इलाज के ही मायूस होकर लौटना पड़ा था। छात्रों ने निष्पक्ष जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने, कार में सवार सभी दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग को लेकर कैंडल मार्च भी निकाला था। अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराने और छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने त्वरित और बड़ा एक्शन लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हादसे के वक्त कार में मौजूद पाए गए पांच पीजी छात्रों को तत्काल प्रभाव से कॉलेज से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित होने वाले छात्रों में डॉ. गौरव (रेडियोलॉजी विभाग, जिनकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है), डॉ. चंद्रमोहन कुमार (सर्जरी), डॉ. कुमारी रूचि (नेत्र रोग), डॉ. कुमारी आकांक्षा (शिशु रोग) और डॉ. शिवानी कुमारी (जूनियर रेजिडेंट, शिशु रोग) शामिल हैं। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा एक उच्चस्तरीय चार सदस्यीय जांच समिति का भी गठन किया गया है। प्रशासन द्वारा मांगों को स्वीकार किए जाने और पांचों आरोपी डॉक्टरों पर निलंबन की गाज गिरने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आज बुधवार सुबह तय समय पर ओपीडी के सभी काउंटर खोल दिए गए हैं और सीनियर व जूनियर डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं। इससे मायागंज अस्पताल में सामान्य दिनों की तरह मरीजों का इलाज और चिकित्सीय परामर्श सुचारू रूप से शुरू हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर