बच्चे हैं मातृभूमि के सेवक : डॉ. भरत कुमार चौबे
बक्सर, 15 अगस्त (हि.स.)।
नगर के सरस्वती विद्या मंदिर, सिविल लाइंस में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मनाया गया। अरुण से दशम तक के भैया-बहनों ने गीत-संगीत, भाषण एवं रंगमंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से जल संरक्षण, प्रदूषण, चार युगों की परिकल्पना और कलियुग के यथार्थ जैसे विषयों पर संदेश दिया। विद्यार्थियों ने दुस्साहसिक खेलों का प्रदर्शन करने के साथ आकर्षक पिरामिड बनाकर सभी को प्रभावित किया।
विद्यालय के सचिव एवं एम.वी. महाविद्यालय के रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. भरत कुमार चौबे ने ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चे मातृभूमि के सेवक हैं। स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। देश की स्वतंत्रता और अखंडता को अक्षुण्ण रखना तथा भारत को विश्व में सर्वश्रेष्ठ बनाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है। प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष भोला जी केसरी, समिति सदस्य पूनम देवी, सिम्मी जायसवाल, नीलम देवी, पुरातन छात्र संयोजक अंकित जी, विद्यार्थी परिषद के अविनाश पांडेय सहित अभिभावक, पूर्व छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वही सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के सचिव डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल, प्रवासी कार्यकर्ता लाल बाबू प्रसाद, कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार सिंह, प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह एवं उप प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार ने भारत माता का पूजन किया। इसके बाद सचिव डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। मंचासीन अतिथियों के परिचय के बाद विद्यार्थियों ने भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सचिव ने देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। वंदे मातरम् के साथ समारोह का समापन हुआ। मौके पर जगदीश ओझा, राजेन्द्र जी सहित समाजसेवी, शिक्षाविद, आचार्य, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

