home page

बेतिया में आरटीपीएस काउंटर क्लर्क 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 

बेतिया, 16 जून (हि.स.)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में निगरानी विभाग की टीम ने अंचल कार्यालय के आरटीपीएस काउंटर पर तैनात एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

निगरानी विभाग के अनुसार, आरटीपीएस काउंटर पर कार्यरत क्लर्क राजकुमार मिश्रा को मंगलवार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विभाग की टीम ने मौके पर पकड़ लिया। आरोपित क्लर्क चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव का निवासी है।

राजकुमार मिश्रा लंबे समय से बेतिया अंचल कार्यालय में कार्यरत था और उस पर आरोप है कि उसने जमाबंदी अनलॉक कराने के नाम पर आवेदक बालेश्वर कुमार से 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि पिछले करीब छह महीनों से उससे लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी, जिससे परेशान होकर उसने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर कार्रवाई की और क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को निगरानी विभाग की टीम अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

निगरानी डीएसपी श्याम बाबू कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर सत्यापन के बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी