बहादुरगंज में सर्राफा कारोबारी की बाइक की डिक्की से लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
किशनगंज, 19 जून (हि.स.)। बहादुरगंज में एक सर्राफा कारोबारी को अपराधियों ने अपना निशाना बनाते हुए उसकी बाइक की डिक्की से सोना, चांदी और नकदी से भरा बैग उड़ा लिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार गुंजरमारी वार्ड संख्या-11 निवासी निर्मल कुमार बसाक पोठिमारी स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान से बहादुरगंज आ रहे थे।
इसी दौरान वे होंडा शोरूम के समीप स्थित एक चिकन हाउस में कुछ देर के लिए रुके। बताया जाता है कि इसी समय दो बाइक पर सवार चार अपराधी उनका पीछा कर रहे थे।
मौका पाकर अपराधियों में से एक ने उनकी बाइक की डिक्की खोल ली और उसमें रखा सोना, चांदी एवं नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से भाग निकले।
कुछ देर बाद जब निर्मल कुमार बसाक अपनी बाइक के पास पहुंचे तो डिक्की खुली देखकर उनके होश उड़ गए। डिक्की में रखा जेवरात और नकदी से भरा बैग गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पीड़ित शुक्रवार दोपहर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान में जुट गई है।
गौरतलब है कि बीते 1 जून को भी सुभाषनगर निवासी सर्राफा कारोबारी गंगा प्रसाद सोनार से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की छीनतई हुई थी। उस मामले में भी अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। महज पंद्रह दिनों के भीतर सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
स्थानीय कारोबारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

