home page

जीविका दीदियों की आय बढ़ाने और उत्पादों को बाजार दिलाने पर होगा विशेष जोर : डीएम

 | 
जीविका दीदियों की आय बढ़ाने और उत्पादों को बाजार दिलाने पर होगा विशेष जोर : डीएम


किशनगंज, 30 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जीविका द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जीविका से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने, उनकी आय बढ़ाने तथा उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में डीएम के समक्ष जिले में जीविका के कार्यों का अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के गठन, जीविका दीदियों के क्षमता विकास, वित्तीय समावेशन, जीविकोपार्जन गतिविधियों, जीविका दीदी की रसोई, सिलाई घर, अधिकार केंद्र, नर्सरी, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण, लखपति दीदी तथा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना समेत विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक के दौरान पोठिया में जीविका दीदियों द्वारा संचालित टी फैक्ट्री की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने महानंदा लीफ चायपत्ती के उत्पादन पर संतोष व्यक्त करते हुए इसके विपणन और ब्रांडिंग को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महानंदा लीफ चायपत्ती को किशनगंज और जीविका दीदियों की पहचान बनाने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जाए, ताकि स्थानीय उत्पाद को व्यापक बाजार मिल सके।

डीएम ने कहा कि जिले में करीब 24 हजार स्वयं सहायता समूहों से लगभग तीन लाख जीविका दीदियां जुड़ी हुई हैं। इनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों के बाजार विस्तार, स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों के लिए आय के स्थायी स्रोत विकसित करना और उनकी आमदनी बढ़ाना आवश्यक है।

इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सकें। बैठक में जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा सहित विभिन्न प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह