home page

कैमरा और कलम थामेंगी जीविका दीदियां, मनिहारी में सीखा संचार का हुनर

 | 
कैमरा और कलम थामेंगी जीविका दीदियां, मनिहारी में सीखा संचार का हुनर


कटिहार, 02 नवंबर (हि.स.)। जीविका कार्यालय मनिहारी में सोमवार को जीविका दीदियों एवं कैडरों के लिए संचार के विभिन्न आयामों पर आधारित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता के सफर में अपनी उपलब्धियों, संघर्षों और सफलताओं को समाज के सामने प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करने में सक्षम बनाना है।

सक्सेस स्टोरी और डिजिटल टूल्स का मिला व्यावहारिक ज्ञान

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को सफल कहानियां (सक्सेस स्टोरीज) और केस स्टडी तैयार करने के व्यावहारिक तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही, किसी भी कहानी या उपलब्धि को अधिक असरदार बनाने के लिए मोबाइल फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के बुनियादी व तकनीकी पहलुओं से भी अवगत कराया गया।

बदलाव की मिसाल बन चुकी हैं दीदियां

प्रशिक्षण सत्र के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जीविका दीदियां समाज में सकारात्मक बदलाव की सशक्त मिसाल बन चुकी हैं। अब जरूरत इस बात की है कि वे अपने अनुभवों और जमीनी संघर्षों को प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने रखें, ताकि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरित होकर आगे बढ़ें। सत्र में प्रतिभागियों ने भी अपने विचार साझा किए और आधुनिक संचार माध्यमों के उपयोग को समझा।

प्रखंड स्तर पर भी होगा विस्तार

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस प्रशिक्षण का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक प्रखंड स्तर पर भी इसी प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे स्थानीय स्तर की सफलताएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का संचालन संचार प्रबंधक रूपेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नोडल सामुदायिक समन्वयक सीमा कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सामुदायिक समन्वयक मनीषा कुमारी, अभय कुमार, धनंजय कुमार, बबलू कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका कैडर उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह