अनर्गल बयानबाजी बंद करे राजद , फरक्का जल संधि पर बिहार की जनता से मांगे माफी : शम्भू नाथ सिन्हा
पटना, 29 अगस्त (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता शम्भू नाथ सिन्हा ने शनिवार को जारी बयान में राजद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 1996 में हुए फरक्का जल संधि समझौते के दौरान बिहार के हितों की बलि चढ़ाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल को बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि माफी मांगने की जगह वह अनर्गल बयानबाजी पर उतर आई है।
उन्होंने कहा कि राजद तत्कालीन समता पार्टी के नेता श्री जाॅर्ज फर्नांडीज का एक वीडियो जारी कर फर्जी रूप से अपना चेहरा बचाने का काम कर रहा है। उन्होंने आरजेडी से सवाल पूछते हुए कहा कि 1996 में केंद्र और बिहार में किसकी सरकार थी? बिहार में श्री लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री एवं केंद्र में इन्हीं की मदद से यूपीए की सरकार थी। फिर इन्होंने बिहार के हित की बलि कैसे चढ़ने दी? अब जब कि दिसंबर में इस संधि का नवीनीकरण होना है और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बिहार हित में इसे रद्द करने की मांग राज्यसभा में उठाई तो राजद की बेचैनी बढ़ गई।
उन्होंने कहा कि सच्चाई ये है कि साल 1996 में चारा घोटाले में अभियुक्त घोषित हो चुके लालू प्रसाद यादव ने जेल जाने के डर से इस संधि को लेकर चुप्पी साध ली और बिहार के हितों की बलि चढ़ा दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

