home page

नीतीश जी के मार्गदर्शन में सुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाएगी नई एनडीए सरकार: उमेश सिंह कुशवाहा

 | 

पटना, 15 अप्रैल (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सम्राट चाैधरी एवं उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले विजय कुमार चाैधरी तथा बिजेंद्र प्रसाद यादव को नई जिम्मेदारियों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि बीते दो दशकों में नीतीश कुमार के ‘‘न्याय के साथ विकास’’ को समर्पित ऐतिहासिक कार्यकाल में जिस प्रकार बिहार ने सर्वांगीण विकास की नई ऊँचाइयों को स्पर्श किया है और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँची है, उसी प्रकार श्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में नई एनडीए सरकार भी सुशासन माॅडल को आत्मसात करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार की जनकेंद्रित नीतियों ने बिहार के विकास को नई गति प्रदान की है। उनके नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण को मजबूती मिली, युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खुले तथा शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए। सड़कों का सुदृढ़ जाल बिछा, गाँव से शहर तक संपर्क सशक्त हुआ और बिजली व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएँ घर-घर तक पहुँचीं।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में हुए ऐतिहासिक सुधारों ने आमजन के जीवन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित किया है। साथ ही, बुनियादी ढाँचे के सुदृढ़ीकरण के साथ रोजगार एवं उद्योग के क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित हुए हैं, जिससे विकसित बिहार की मजबूत नींव तैयार हुई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की एनडीए सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर है, जिसके परिणामस्वरूप आने वाले वर्षों में ‘‘विकसित बिहार’’ का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी