home page

25 सीटों पर सिमटने की घोर हताशा में बेतुकी बयानबाज़़ी कर रहे हैं तेजस्वी: उमेश कुशवाहा

 | 
25 सीटों पर सिमटने की घोर हताशा में बेतुकी बयानबाज़़ी कर रहे हैं तेजस्वी: उमेश कुशवाहा


पटना, 11 अप्रैल (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार क नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में सूबे की जनता ने राजद की जो राजनीतिक दुर्दशा की और उसे 25 सीटों पर समेट दिया, उस राजनीतिक पराजय के सदमे से तेजस्वी यादव अब तक उबर नहीं पाए हैं। करारी हार की घोर हताशा में उनका मानसिक और भाषाई संतुलन पूरी तरह बिगड़ चुका है।

यही वजह है कि वे आए दिन बेसिर-पैर की बयानबाजी कर रहे हैं और झूठे व बेबुनियाद आरोपों के सहारे नीतीश सरकार की सुशासन छवि को बदनाम करने की असफल कोशिश में लगे हुए हैं, जबकि यह भी सत्य है कि बिहार की जनता उन्हें और उनकी हल्की बातों को तवज्जो देना बंद कर चुकी है।

कुशवाहा ने कहा कि जिन लोगों ने बिहार को ‘‘जंगलराज’’ की अंधेरी खाई में धकेला, वही आज कानून-व्यवस्था के झूठे हिमायती बन रहे हैं और जनता को लूटने वाले लोग जनहित पर फर्जी ज्ञान दे रहे हैं। बिहार की जनता ऐसे दोहरे चरित्र और अवसरवादी लोगों के झांसे में कभी नहीं आने वाली है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले और उसके बाद के बिहार में जो व्यापक और ऐतिहासिक परिवर्तन आया है, उसे राज्य की 14 करोड़ जनता ने अपने दैनिक जीवन में महसूस किया है। यह बदलाव मा० मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के सुशासन और विकास माॅडल का परिणाम है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ‘‘पार्ट-टाइम’’ राजनीति करने वाले नेता बनकर रह गए हैं और उनके नेतृत्व में राजद का भविष्य अंधकारमय है। आने वाले चंद वर्षों में राजद का नाम केवल इतिहास के पन्नों तक सिमटकर रह जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी