home page

‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर जदयू  ने की वर्चुअल बैठक

 | 
‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर जदयू  ने की वर्चुअल बैठक


बिहार के जल हितों को लेकर जनता जागरूक, ‘नीतीश संवाद’ को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन: उमेश सिंह कुशवाहा

पटना, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने आगामी 6 अक्टूबर काे सारण, 7 अक्टूबर काे वैशाली, 8 अक्टूबर काे समस्तीपुर और 9 अक्टूबर को पटना में आयोजित होने वाले ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर रविवार को संबंधित जिलों के विधानमंडल दल के सदस्यों, जिलाध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों, प्रकोष्ठ अध्यक्षों एवं वरिष्ठ साथियों के साथ वर्चुअल बैठक कर विस्तृत समीक्षा की तथा कार्यक्रमों के ऐतिहासिक आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान उमेश कुशवाहा ने कहा कि हमारा बिहार पिछले 30 वर्षों से फरक्का बैराज और फरक्का जल संधि की भारी कीमत चुका रहा है। फरक्का बैराज के कारण गंगा में भारी मात्रा में गाद जमा होने से नदी की गहराई और जलधारण क्षमता प्रभावित हुई है। इसके चलते बिहार को हर वर्ष बाढ़ की त्रासदी झेलनी पड़ती है, किसानों की फसलें तबाह होती हैं और आम जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यह एक अंतरराष्ट्रीय समझौता है, लेकिन इसका 73 प्रतिशत बोझ अकेले बिहार को उठाना पड़ रहा है। इस संधि के कारण बिहार को शुष्क मौसम में गंगा समेत राज्य की आंतरिक नदियों का पानी भी फरक्का बैराज पर देना पड़ता है, जिससे कई जिलों में सूखे तक की स्थिति हो जाती है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लंबे समय से फरक्का के कारण बिहार को हो रहे नुकसान और बिहार के जल हितों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। हमारी पार्टी की ओर से 14 करोड़़ बिहारवासियों के हित और भविष्य से जुड़े इस बेहद महत्वपूर्ण विषय को लेकर 5 सितंबर से ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके प्रथम चरण में 4 जिलों बक्सर, भोजपुर, खगड़िया एवं बेगूसराय में मा0 राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा जी के साथ मेरा संयुक्त संवाद हुआ। इस कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन मिला है।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन बिहार विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी ने किया। मौके पर डाॅ अमरदीप, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा एवं अंजुम आरा मौजूद रहीं। वहीं, वर्चुअल माध्यम से विधानपार्षद रवींद्र प्रसाद सिंह, विधानपार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, विधायक अश्वमेध देवी, विधायक सिद्धार्थ पटेल, विधायक अरुण मांझी, विधायक माँजरिक मृणाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संवाद में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी