home page

सीएम नीतीश ने बाबा साहेब के आदर्शों पर आधारित नीतियों के माध्यम से उनके सपनों को साकार किया: उमेश सिंह कुशवाहा

 | 
सीएम नीतीश ने बाबा साहेब के आदर्शों पर आधारित नीतियों के माध्यम से उनके सपनों को साकार किया: उमेश सिंह कुशवाहा


पटना, 14 अप्रैल (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय, पटना में संविधान निर्माता भारत रत्न डाॅ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बाबा साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौके पर कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में सुशासन के माध्यम से बाबा साहेब की विचारधारा एवं उनके सामाजिक न्याय के मूल सिद्धांतों पर आधारित नीतियों का निर्माण किया और उन्हें प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा। उनके नेतृत्व में बिहार में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सर्वांगीण विकास हेतु कई ठोस एवं दूरगामी कदम उठाए गए, जिनसे समाज के सबसे वंचित एवं पिछड़े वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

नीतीश कुमार द्वारा महादलित विकास मिशन की शुरुआत की गई। इसके माध्यम से शिक्षा, रोजगार, आवास एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। वर्ष 2007 में अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग का स्वतंत्र रूप से गठन किया गया। साथ ही, राज्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग की स्थापना कर इन समुदायों के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

शैक्षणिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए डाॅ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय तथा डाॅ. अंबेडकर कल्याण छात्रावासों की स्थापना की गई। वर्तमान में राज्य में अनुसूचित जाति वर्ग हेतु 66 तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग हेतु 25 आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इसके अतिरिक्त, पंचायतों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग को आरक्षण प्रदान कर उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी