जनता दरबार में अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर फरियादियों ने की नारेबाजी
नवादा, 02 मई (हि.स.)। जिले के रजौली प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार महज खानापूर्ति बनकर रह गया। अपनी जमीन से जुड़े विवादों को सुलझाने की आस में पहुंचे दर्जनों फरियादियों को उस वक्त गहरी निराशा हाथ लगी, जब दोपहर दो बजे तक न तो प्रभारी सीओ कृष्णकांत चौबे पहुंचे और न ही पुलिस पदाधिकारी।
अधिकारियों के इस रवैये से नाराज होकर फरियादियों ने हंगामा किया तथा प्रशासनिक अधिकारियों के विरोध में नारे भी लगाए। घंटों इंतजार करने के बाद कई आवेदक बिना किसी समाधान के वापस लौट गए, जबकि कुछ फरियादी उम्मीद में कार्यालय के बाहर डटे रहे। जनता दरबार में पहुंचे बहादुरपुर निवासी श्याम देव पासवान, बनारस राम जैसे कई फरियादियों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे महीनों से अंचल कार्यालय की दौड़ लगा रहे हैं। अधिकतर मामले भूमि परिमार्जन और अतिक्रमण से संबंधित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर अधिकारियों के उपलब्ध न होने से उनकी समस्याओं का पुलिंदा बढ़ता जा रहा है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उनकी सरकारी नंबर पर फोन के लगाने के बावजूद भी फोन उठाना उचित नहीं समझे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

